
रामगढ़: जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया. रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सीसीएल की सिरका कोलियरी परियोजना के चेक पोस्ट पर शनिवार सुबह बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी. घटना में ड्यूटी पर तैनात दो सुरक्षा कर्मी बाल-बाल बच गए.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों हमलावर बाइक से चेक पोस्ट पहुंचे थे और उन्होंने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे. चेक पोस्ट पर पहुंचते ही बिना किसी बातचीत के उन्होंने दो राउंड फायरिंग कर दी. एक गोली चेक पोस्ट को भेदते हुए दूसरी ओर निकल गई. अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है. साथ ही चेक पोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें दोनों संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है.
सीसीएल के सुरक्षा प्रभारी रोपना साहू ने बताया कि सुबह दो नकाबपोश युवक बाइक से पहुंचे और चेक पोस्ट पर दो राउंड फायरिंग कर फरार हो गए. उन्होंने कहा कि संयोगवश ड्यूटी पर मौजूद दोनों सुरक्षा कर्मी सुरक्षित बच गए. घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा






