सरायकेला: जिले के कांड्रा जंक्शन रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बुधवार को दक्षिण पूर्व रेलवे चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण होरिया ने कांड्रा जंक्शन का निरीक्षण कर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की.


निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्रस्तावित थर्ड और फोर्थ रेलवे लाइन निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था, प्लेटफॉर्म की स्थिति, टिकट काउंटर, शौचालय, प्रतीक्षालय और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का भी निरीक्षण किया.
भीषण गर्मी को देखते हुए स्टेशन पर पेयजल व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों की भी समीक्षा की गई. डीआरएम ने अधिकारियों से वर्तमान सुविधाओं के साथ-साथ भविष्य में प्रस्तावित विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की.
निरीक्षण के बाद डीआरएम तरुण होरिया ने कहा कि कांड्रा जंक्शन के समग्र विकास के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है. योजना के तहत प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने, यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट स्थापित करने और स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने पर काम किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांड्रा जंक्शन को एक आधुनिक और यात्री-अनुकूल रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा. इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में रेल आवागमन भी अधिक सुगम और सुविधाजनक होगा.
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि विकास कार्यों के पूरा होने के बाद कांड्रा जंक्शन की पहचान क्षेत्र के प्रमुख आधुनिक रेलवे स्टेशनों में होगी. इससे स्थानीय लोगों, यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

