चाईबासा: सोनुआ प्रखंड के झलियामारा से बेहराबिंदा तक करीब चार किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क का अब निर्माण होगा. लंबे समय से खराब पड़ी इस सड़क के निर्माण कार्य का रविवार को सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने शिलान्यास किया. सड़क निर्माण की योजना शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है.


शिलान्यास कार्यक्रम से पूर्व ग्रामीण देहरी द्वारा पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई. इसके बाद सांसद जोबा माझी ने योजना से संबंधित शिलापट्ट का अनावरण कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया.
इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क और आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. लंबे समय से ग्रामीण इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे. सड़क बनने से झलियामारा, बेहराबिंदा समेत आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी और सोनुआ प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचना आसान होगा.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है. ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष रखा जा रहा है, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके.
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत झलियामारा से बेहराबिंदा तक इस सड़क का निर्माण किया जाना है. सड़क निर्माण पूरा होने के बाद झलियामारा और बेहराबिंदा के अलावा आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. इससे ग्रामीणों को सोनुआ प्रखंड मुख्यालय आने-जाने में सहूलियत होगी और लंबे समय से सड़क की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
मौके पर आरईओ के सहायक अभियंता मोनीश अतहर, कनीय अभियंता आनंद कुमार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, बेहराबिंदा के ग्रामीण मुंडा लखिन्द्र महतो, झलियामारा के जयपाल हेम्ब्रम, गणेश जोंको, बोयकेडा के मुखिया सोहन माझी, पूर्व मुखिया अमित अंगरिया, बजरंग साहू, सूरज साहू, काजल प्रधान, भीमसेन माझी, दीपक माझी, रमेश महतो, सुभाष महतो, सनातन पूर्ति समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

