चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र के प्रसिद्ध स्नेक रेस्क्यूअर असगर इमाम को गुरुवार को रेस्क्यू अभियान के दौरान नाग सांप ने काट लिया. घटना के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब दो बजे एक इलाके में सांप पकड़ने के दौरान नाग सांप ने उनके हाथ में डंस लिया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और सहयोगियों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.
असगर इमाम लंबे समय से कपाली समेत आसपास के क्षेत्रों में जहरीले और खतरनाक सांपों का रेस्क्यू करते आ रहे हैं. उन्होंने अब तक कई सांपों को सुरक्षित पकड़कर जंगलों में छोड़ा है और अनेक लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इसी कारण क्षेत्र में उनकी एक अलग पहचान है.
घटना की खबर फैलते ही कपाली, जमशेदपुर और सरायकेला जिले में उनके चाहने वालों और स्थानीय लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं.
फिलहाल एमजीएम अस्पताल के चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
रिपोर्ट:अफरोज मलिक



