चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत हासाडुगरी स्थित चांद होटल के समीप आज भी कई परिवार बांस-बल्ली के सहारे बिजली कनेक्शन लेकर अपने घरों को रोशन करने को मजबूर हैं. क्षेत्र में वर्षों से अस्थायी व्यवस्था के जरिए बिजली आपूर्ति की जा रही है, लेकिन अब तक स्थायी बिजली पोल और सुरक्षित तार लगाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि बांस के सहारे लटकाए गए बिजली तार बारिश और तेज हवा के दौरान कई बार नीचे गिर जाते हैं, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है. खासकर मानसून के आगमन को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है. खुले और झुके हुए बिजली तारों से बच्चों, राहगीरों और आसपास के घरों पर खतरा मंडरा रहा है.
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति अब तक जस की तस बनी हुई है. लोगों का कहना है कि यह समस्या ऐसे इलाके की है, जहां से कुछ ही दूरी पर कपाली नगर परिषद कार्यालय स्थित है. इसके बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में कोई पहल नहीं की गई है.
स्थानीय नागरिकों ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि बिजली विभाग को जल्द निर्देश देकर इलाके में बिजली पोल और सुरक्षित विद्युत लाइन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले लोगों को राहत मिल सके.
रिपोर्ट:अफरोज मलिक



