जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र में अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है. जहां हाल के दिनों में फायरिंग और चापड़बाजी की अनेकों घटनाएं हो चुकी है. ताज़ा घटना गुरुद्वारा बस्ती का है जहां पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक घटना सामने आई है. आरोप है कि बीजेपी की महिला कार्यकर्ता लक्की कौर और उनके पुत्र राजवीर सिंह ने दो महिलाओं पर चापड़ से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.

जानकारी के अनुसार, 11 मई को परविंदर कौर के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को राजवीर सिंह ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त कर दिया था. इस मामले में साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था.
आरोप है कि इसी विवाद को लेकर बुधवार शाम करीब 4:30 बजे लक्की कौर और उनके बेटे राजवीर सिंह ने परविंदर कौर और संध्या गिरी पर चापड़ से हमला कर दिया. हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. वैसे भीड़ महज तमाशबीन बनी रही.
जब सभी अपराधी वापस चले गए तो घायल महिलाओं को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. वैसे घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है. इलाके के लोगों का कहना है कि पुरानी रंजिश के कारण लंबे समय से तनाव बना हुआ था. अब इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.



