सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान के दौरान लगभग 100 साल पुराना विशाल पेड़ गिर जाने से सब्जी मार्केट में भारी नुकसान हो गया. पेड़ गिरने से कई गरीब सब्जी विक्रेताओं की दुकानें और सामान क्षतिग्रस्त हो गए. इस घटना से दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

घटना की जानकारी मिलने के बाद सरायकेला अंचल अधिकारी सुषमा कुमारी और विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य मौके पर पहुंचे. दोनों ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और उनकी समस्याएं सुनीं.
अंचल अधिकारी सुषमा कुमारी ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि जिन दुकानदारों का नुकसान हुआ है, उन्हें सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी. उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान से हुए नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है और नियमानुसार सभी प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
वहीं विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य ने कहा कि सब्जी मार्केट में अधिकतर गरीब और मेहनतकश लोग अपनी जीविका चलाने के लिए दुकान लगाते हैं. पेड़ गिरने की इस घटना से इन लोगों को काफी नुकसान हुआ है. उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि प्रभावित दुकानदारों को जल्द से जल्द मुआवजा और राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए.
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि शहर और बाजार क्षेत्रों में मौजूद पुराने और जर्जर पेड़ों की समय रहते जांच कर जरूरी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



