सरायकेला: ईचागढ़ प्रखंड के कुईडीह गांव में मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम छऊ नृत्य का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक सविता महतो ने फीता काटकर किया. इस दौरान ग्रामीणों ने गाजे- बाजे और जुलूस के साथ विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया.

कार्यक्रम के दौरान विधायक सविता महतो ने ग्रामीण महिला- पुरुषों के साथ बैठकर गांव की पेयजल, सड़क, बिजली समेत विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी असली पहचान है. उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कृति से परिचित कराते हैं. उन्होंने ग्रामीणों द्वारा संस्कृति संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की.
सांस्कृतिक कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के पुरूलिया हुंड़ा के छऊ उस्ताद कार्तिक कर्मकार एवं बराबाजार के शशधर कालिंदी एंड पार्टी ने शानदार प्रस्तुति देकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम में देर रात तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर चलता रहा.
मौके पर मुखिया संगीता देवी, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, विश्वनाथ उरांव, रामचरण सिंह मुंडा, पशुपति सिंह मुंडा, कमल उरांव, दरेस वैवर्त, पटनु कालिंदी, मृत्यंजय सिंह मुंडा, लक्ष्मी नारायण सिंह, दीपक लोहरा समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे.



