बोकारो: जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत पेटरवार थाना क्षेत्र के भेलवाटांड़ स्थित मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र में एक व्यक्ति की हत्या से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी 45 वर्षीय गणेश कपरदार के रूप में हुई है, जो पिछले दो वर्षों से केंद्र में कुक के रूप में कार्यरत था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.


अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले के उद्भेदन के लिए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है. घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को जब्त कर वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि हत्या की गुत्थी जल्द सुलझा ली जाएगी.
कौशल विकास केंद्र के कैंप मैनेजर संजीत कुमार सिंह ने बताया कि दोपहर के भोजन की तैयारी देखने के लिए जब वे मेस पहुंचे, तो गणेश कपरदार को बेड के नीचे गिरा हुआ पाया. इसके बाद तत्काल अधिकारियों और पेटरवार थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई.
घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है. समाचार लिखे जाने तक परिजन घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे.
घटना की गंभीरता को देखते हुए आईईएल थाना, तेनुघाट ओपी, कसमार थाना और पेटरवार थाना की पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही है.
घटनास्थल पर पहुंचे गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने एसडीपीओ से मुलाकात कर मामले का जल्द खुलासा करने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





