चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बुंडूकोचा वनग्राम में डायन के संदेह में एक अधेड़ महिला की निर्मम हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान बाईबेड़ा गांव निवासी चांदू पुर्ती (55 वर्ष) के रूप में हुई है. वह स्वर्गीय विनोद पुर्ती की पत्नी थीं.

घटना की जानकारी मिलने के बाद सोनुआ पुलिस ने मंगलवार शाम करीब 5 बजे बुंडूकोचा वनग्राम के जंगल स्थित एक खाई से महिला का शव बरामद किया. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पनसुआँ गांव निवासी प्रेमजीत बानरा (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि हत्या में शामिल अन्य तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं.

जानकारी के अनुसार महिला का शव उसके घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल के एक खाई में पड़ा मिला. अपराधियों ने किसी धारदार हथियार से महिला का गला रेतकर हत्या की थी. घटना रविवार शाम की बतायी जा रही है. हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को जंगल में फेंक दिया था.
पुलिस ग्रामीणों, परिजनों और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



