सरायकेला: जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने गुरुवार को सरायकेला थाना का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों की समीक्षा, अभिलेख संधारण, मालखाना, साफ- सफाई तथा विधि- व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया और थाना प्रभारी विनय कुमार को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.



पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए सभी मामलों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने फरार अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, वारंटियों के विरुद्ध अभियान चलाने तथा अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया.
उन्होंने थाना में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने, शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास का संबंध मजबूत होना चाहिए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके.
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयों की व्यवस्था, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव एवं अनुशासन पर संतोष व्यक्त किया. उन्होंने थाना प्रभारी विनय कुमार एवं पूरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित थाना बेहतर पुलिस कार्यसंस्कृति का परिचायक होता है.
एसपी ने नियमित वाहन जांच अभियान, रात्रि गश्ती, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए विधि-व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए.
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध एवं अपराधियों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी. जिले के सभी थानों का समय-समय पर निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की जाती रहेगी, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके.
उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग का उद्देश्य केवल अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा, विश्वास और कानून के प्रति भरोसा कायम करना भी है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





