सरायकेला: कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम मंगलवार को सरायकेला पहुंचे. उनके आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया.


सरायकेला पहुंचने के बाद आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान एसआईआर से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की प्रगति, तैयारियों और अब तक की स्थिति की जानकारी ली गई.
समीक्षा बैठक में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला के पूर्व विधायक चंपई सोरेन भी शामिल हुए. उनकी मौजूदगी में एसआईआर से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई.

आयुक्त ने अधिकारियों से एसआईआर कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और कार्यों में आवश्यक तत्परता बरतने पर जोर दिया.
आयुक्त के सरायकेला दौरे को जिले में एसआईआर की तैयारियों और कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

