सरायकेला: लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सरायकेला-खरसावां जिले में खरकई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. 1 सितंबर की सुबह 8 बजे दर्ज बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार आदित्यपुर स्थित खरकई पुल पर नदी का जलस्तर 131.520 मीटर पहुंच गया है. यह खतरे के निशान 129.00 मीटर से 2.52 मीटर अधिक है. जलस्तर में बढ़ोतरी जारी रहने से नदी किनारे और आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.


बाढ़ नियंत्रण प्रकोष्ठ, इचा-गालूडीह परिसर, आदित्यपुर की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार खरकई नदी के जलग्रहण क्षेत्र में 164 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. लगातार भारी बारिश के कारण नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है.
ओडिशा के बैंकबाल जलाशय का वर्तमान जलस्तर 303.50 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि जलाशय का पूर्ण जलस्तर 305 मीटर है. जलाशय से 243.32 घन मीटर प्रति सेकेंड पानी का बहाव हो रहा है. जलाशय के कुल 6 गेट में से 2 गेट खोल दिए गए हैं. बैंकबाल जलाशय क्षेत्र में 164 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है.
वहीं, खरकई जलाशय का वर्तमान जलस्तर 311.57 मीटर है. इसका पूर्ण जलाशय स्तर 313.50 मीटर है. जलाशय से 260.51 घन मीटर प्रति सेकेंड पानी का बहाव दर्ज किया गया है. कुल 4 गेट में से 2 गेट खोले गए हैं. जलाशय क्षेत्र में 135 मिलीमीटर बारिश हुई है.
इधर, गंजिया बैराज में जलस्तर 137.20 मीटर दर्ज किया गया है. बैराज के सभी 15 गेट पूरी तरह खोल दिए गए हैं. यहां से 3844.41 घन मीटर प्रति सेकेंड पानी का बहाव दर्ज किया गया है. गंजिया बैराज का जलस्तर भी बढ़ने की प्रवृत्ति में है.
खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 2.52 मीटर ऊपर पहुंचने और ओडिशा के जलाशयों तथा गंजिया बैराज के गेट खोले जाने के बाद नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. बाढ़ नियंत्रण प्रकोष्ठ द्वारा नदी और जलाशयों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण तंत्र की ओर से लोगों से नदी के आसपास जाने से बचने तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

