गिरिडीह: ईद-ए-मिलाद-उन्नबी की तैयारी के बीच मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नीचे पहाड़ीडीह गांव में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया. घर की छत पर झंडा लगा रहे 20 वर्षीय सब्बीर अंसारी की हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई.


बताया जा रहा है कि सब्बीर छत पर झंडा लगा रहा था. इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया. परिजन तत्काल उसे गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
सब्बीर की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती बताई जा रही है. अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया और ईद-ए-मिलाद-उन्नबी की खुशियां मातम में बदल गईं.
स्थानीय लोगों ने आबादी और घरों के बेहद करीब से गुजर रहे हाई वोल्टेज तारों को लेकर भी सवाल उठाए हैं. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से ऐसे तारों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.

