सरायकेला: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को एनआईसी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एसआईआर-2026 को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रारूप मतदाता सूची, दावा-आपत्ति, सत्यापन और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई.



अधिकारियों ने बताया कि जिले में 30 जून से 29 जुलाई तक चले गणना चरण में कुल 8,92,189 मतदाताओं में से 7,66,713 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा किया, जिन्हें डिजिटाइज किया गया है. वहीं 1,24,576 प्रपत्र एकीकृत नहीं हो सके. इनमें डुप्लीकेट के 9,088, मृत के 26,242, स्थानांतरित के 39,431, अनुपस्थित के 45,417 तथा विदेशी एवं अन्य श्रेणी के 4,398 मामले शामिल हैं.
जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,34,432 नोटिस मामले दर्ज हैं. इनमें ईचागढ़ में 62,129, सरायकेला में 1,12,156 और खरसावां में 60,147 मामले शामिल हैं.
बैठक में बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को हो चुका है. दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अवधि 5 अगस्त से 4 सितंबर तक निर्धारित है. अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर को किया जाएगा. पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन के लिए प्रपत्र-6, 6ए, 7 और 8 की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई.
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट-2 को सक्रिय रूप से अभियान में शामिल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य मतदाता सूची में शामिल होने से नहीं छूटे और कोई अयोग्य नाम सूची में शामिल न हो, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
उन्होंने राजनीतिक दलों और निर्वाचन तंत्र से निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से काम करने की अपील की, ताकि एसआईआर-2026 के तहत शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके.
बैठक में यह भी बताया गया कि 15 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा. 22 और 23 अगस्त को द्वितीय विशेष शिविर लगाया जाएगा. वहीं 25 अगस्त से 4 सितंबर तक घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान चलेगा.





