जमशेदपुर: साकची बाजार में पिछले करीब दो महीने से दुकानों की छतों पर लगे एसी के आउटर यूनिट से कॉपर पाइप और तार चोरी होने की घटनाओं से दुकानदार परेशान हैं. लगातार हो रही चोरी से व्यापारियों को हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है.



मंगलवार को डालडा लाइन क्षेत्र के दुकानदारों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो एक युवक एसी के आउटर यूनिट से कॉपर पाइप और तार काटता दिखाई दिया. फुटेज के आधार पर दुकानदारों ने युवक की तलाश कर उसे पकड़ लिया. पकड़े गए युवक ने अपना नाम रमजान बताया है और वह कपाली के ओल्ड पुरुलिया रोड का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना की सूचना पुलिस को दी गई है. पुलिस युवक से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है.
दुकानदारों का आरोप है कि चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. अब चोर रात के साथ दिन में भी बाजार की छतों पर पहुंचकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं. व्यापारियों ने पुलिस से बाजार में गश्त बढ़ाने. संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और कॉपर पाइप व तार चोरी करने वाले गिरोह का पता लगाने की मांग की है.





