कुचाई: 26वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, रांची के कमांडेंट शाश्वत कुमार के दिशा-निर्देश पर ए-समवाय जम्बरो द्वारा बुरुहातु (कोमाय) गांव में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया. शिविर में कुल 210 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं.



शिविर में पशु चिकित्सक डॉ. कुमार सिसोदिया एवं उनकी टीम ने गाय, बैल, बकरी समेत अन्य पालतू पशुओं की जांच की. चिकित्सकों ने पशुपालकों को संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण, स्वच्छता और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी.

एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिवार पशुपालन पर निर्भर हैं. ऐसे में पशुओं का स्वस्थ रहना ग्रामीणों की आजीविका और आर्थिक स्थिति के लिए महत्वपूर्ण है. इसी उद्देश्य से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत दूर-दराज के गांवों में समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं.
ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए 26वीं वाहिनी एसएसबी रांची और ए-समवाय जम्बरो के प्रति आभार जताया. ग्रामीणों ने कहा कि शिविर के माध्यम से उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह और उपचार की सुविधा निःशुल्क मिली.





