सरायकेला: नगर पंचायत में सफाई कर्मियों की हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है. रविवार को छुट्टी के दिन भी हालात गर्म रहे, लेकिन अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने मैदान में उतरकर पूरे मामले को संभाल लिया.

काफी समय से नाराज चल रहे सफाई कर्मियों ने अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी थी. इसमें पीएफ राशि का नियमित जमा, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, श्रम कार्ड व बीमा कवरेज और न्यूनतम मानदेय लागू करने की मांग शामिल थी.
अध्यक्ष सीधे हड़ताल स्थल पर पहुंचे और कर्मियों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी से भी संवाद कर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया.
हड़ताल का नेतृत्व कर रहे दीपक मुखी समेत अन्य कर्मियों ने अध्यक्ष पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे पहले भी मजदूरों के हक के लिए खड़े रहे हैं और आज भी उनके साथ हैं. इसी भरोसे के आधार पर कर्मियों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी.
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने साफ कहा कि सफाई कर्मियों की मांगें उनके अधिकार और सम्मान से जुड़ी हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी, बारिश और ठंड में भी ये कर्मी शहर को स्वच्छ रखते हैं और इनका योगदान व्यवस्था की नींव है.
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि सफाई कर्मियों का सम्मान करें, उन्हें पानी उपलब्ध कराएं और उनके मनोबल को बढ़ाएं. इस दौरान उपाध्यक्ष अविनाश कवि, सिटी मैनेजर सुमित सुमन और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे. अध्यक्ष की पहल के बाद शहर की ठप पड़ी सफाई व्यवस्था दोबारा पटरी पर लौटने लगी है.

