सरायकेला: जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत एपीसी रिचीतुका मैदान में रविवार को एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम सांसद जोबा माझी शामिल हुईं. वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो नेता सह सांसद प्रतिनिधि प्रोफेसर केपी सोरेन, झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के और झामुमो युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भुगलू सोरेन मौजूद रहे.



प्रतियोगिता में कुल 24 टीमों ने हिस्सा लिया. सुबह से ही मैदान में खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों की भीड़ जुटी रही. रोमांचक मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जबकि दर्शकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.
सांसद जोबा माझी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजन युवाओं की प्रतिभा को सामने लाने का बेहतर माध्यम हैं. उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया.
झामुमो नेता सह सांसद प्रतिनिधि प्रोफेसर केपी सोरेन ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व की सीख देता है. ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलने से क्षेत्र के कई खिलाड़ी आगे चलकर बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं.
झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने कहा कि आदिवासी समाज में खेलों का विशेष महत्व रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है. इस तरह की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है.
वहीं झामुमो युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भुगलू सोरेन ने कहा कि युवाओं को खेल से जोड़ना समय की जरूरत है. ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं.
प्रतियोगिता में विजेता टीम को खस्सी और 10 हजार रुपये, उपविजेता टीम को खस्सी और 7 हजार रुपये, जबकि तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को खस्सी और 3-3 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया.
इसके अलावा मैन ऑफ द टूर्नामेंट, इमर्जिंग प्लेयर, मैन ऑफ द मैच, बेस्ट प्लेयर, बेस्ट मिडफील्डर, बेस्ट डिफेंडर, बेस्ट गोलकीपर और हाईएस्ट स्कोरर सहित कई व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गए.
आयोजन समिति के अध्यक्ष सुराय मुर्मू, सचिव सुरेश मार्डी और कोषाध्यक्ष प्रेमानंद सोरेन सहित समिति के सदस्यों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों के प्रति आभार जताया.
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित इस फुटबॉल प्रतियोगिता ने क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और नई ऊर्जा का संचार किया. पूरे आयोजन के दौरान मैदान में खेल भावना, उत्साह और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला.





