सरायकेला: सीनी रेलवे ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे एक गुड्स गार्ड की पहली मंजिल से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद पूरे ट्रेनिंग सेंटर में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 34 वर्षीय अभिषेक सिंह तोमर के रूप में हुई है. अभिषेक नागपुर रेल मंडल में कार्यरत था और सीनी रेलवे ट्रेनिंग सेंटर में गुड्स गार्ड का प्रशिक्षण ले रहा था. उसका प्रशिक्षण पूरा हो चुका था और वह जल्द ही अपनी ड्यूटी पर लौटने वाला था.



जानकारी के अनुसार सोमवार रात अभिषेक अपने कुछ दोस्तों के साथ ट्रेनिंग सेंटर के बगल में रहने वाले दोस्त दीपक कुमार के आवास पर पार्टी कर रहा था. बताया जा रहा है कि दीपक का कमरा पहली मंजिल पर था, जबकि छत पर सुरक्षा के लिए रेलिंग नहीं लगी थी.
पार्टी खत्म होने के बाद अभिषेक वहां से निकलने लगा. इसी दौरान वह अचानक पहली मंजिल से नीचे गिर गया. ऊंचाई से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद अभिषेक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. सूत्रों के अनुसार पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद होने और इसी दौरान अभिषेक के छत से नीचे गिरने की चर्चा है. हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है.
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अभिषेक महज दुर्घटना का शिकार हुआ या घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी. घटना से पहले वहां क्या हुआ था और अभिषेक आखिर किन परिस्थितियों में पहली मंजिल से नीचे गिरा, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
अस्पताल प्रबंधन की ओर से घटना की सूचना सीनी ओपी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ऊंचाई से गिरने के कारण मौत का प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है.
पुलिस घटना के समय अभिषेक के साथ मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ कर सकती है. घटनास्थल की स्थिति, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी.
अभिषेक की मौत की खबर मिलते ही सीनी रेलवे ट्रेनिंग सेंटर में शोक की लहर दौड़ गई. साथी प्रशिक्षुओं ने बताया कि अभिषेक मिलनसार और हंसमुख स्वभाव का था. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जल्द ही ड्यूटी पर लौटने वाले अभिषेक की अचानक मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है.
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. परिजनों के सीनी पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट आने के बाद ही अभिषेक की मौत की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
संपादक: प्रमोद सिंह





