सरायकेला: जिले में पड़ रही प्रचंड गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने जिलेभर के पुलिसकर्मियों और ट्रैफिक पुलिस जवानों के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है. इसी कड़ी में मंगलवार को सार्जेंट मेजर उत्तम कुमार ने सुदूरवर्ती कुचाई थाना और दलभंगा ओपी का दौरा किया.

दौरे के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों के बीच ORS का वितरण किया गया तथा उन्हें गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई. जवानों को अधिक पानी पीने, धूप में लगातार ड्यूटी के दौरान बीच-बीच में आराम करने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की तुरंत जानकारी देने को कहा गया.
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों भी ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात जवानों के बीच कुलिंग थर्मस, ORS और छतरी का वितरण किया गया था, ताकि भीषण गर्मी के बीच ड्यूटी कर रहे जवानों को राहत मिल सके.
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में जनता की सेवा में जुटे रहते हैं. ऐसे में उनकी सेहत और सुरक्षा का ध्यान रखना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में जवानों के स्वास्थ्य को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.



