खूंटी: जिले से राहत भरी खबर सामने आई है, जहां पुलिस के “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान ने 56 लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी. जिले भर में गुम और चोरी हुए 56 मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने उन्हें उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया.

मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों की खुशी देखने लायक थी. कई लोगों ने उम्मीद छोड़ दी थी कि उनका खोया मोबाइल दोबारा मिल पाएगा, लेकिन खूंटी पुलिस की सक्रियता और तकनीकी टीम की मेहनत से यह संभव हो सका.
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि जिले में मोबाइल गुम या चोरी होने की शिकायत मिलने के बाद उसे सीआईआर पोर्टल पर अपडेट किया जाता है. इसके बाद टेक्निकल सेल मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर कार्रवाई करती है और मोबाइल बरामद कर लिया जाता है.
इसी प्रक्रिया के तहत इस बार 56 मोबाइल फोन रिकवर कर उनके मूल धारकों को सौंपा गया. पुलिस की इस पहल से लोगों में भरोसा और उत्साह दोनों बढ़ा है.
खूंटी पुलिस ने कहा कि “ऑपरेशन मुस्कान” आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि लोगों को उनके गुम या चोरी हुए मोबाइल वापस मिल सकें और पुलिस के प्रति आम जनता का विश्वास और मजबूत हो. यह अभियान सिर्फ मोबाइल बरामदगी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों के चेहरे पर राहत, खुशी और भरोसा लौटाने वाला अभियान बन गया है.



