आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 की पार्षद नीतू शर्मा ने बुधवार को रांची स्थित आवासीय कार्यालय में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर वार्ड की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया. इस दौरान उन्होंने मंत्री को एक ज्ञापन सौंपते हुए कई लंबित विकास योजनाओं को जल्द पूरा कराने की मांग की.

ज्ञापन में मुख्य रूप से हरिओम नगर 5/B से मंटुन राय के घर तक सड़क और नाली निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की गई. इसके अलावा जयप्रकाश उद्यान स्थित लक्ष्य अपार्टमेंट के समीप स्लूईस गेट निर्माण, छठ घाट निर्माण तथा अन्य रुकी हुई योजनाओं को स्वीकृति देने का अनुरोध किया गया.
पार्षद नीतू शर्मा ने नगर निगम में फंड की कमी का मुद्दा भी उठाया और विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने वार्ड 17 में पेयजल संकट का जिक्र करते हुए जल नल योजना को जल्द शुरू कराने का आग्रह किया.
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पार्षद को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के सभी लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार निकाय क्षेत्रों के विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और फंड की कमी के कारण कोई भी विकास कार्य बाधित नहीं होने दिया जाएगा. सरकार सभी योजनाओं के लिए मास्टर प्लान तैयार कर रही है और नागरिक समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा. इस मौके पर झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष विकास कुमार राणा, अनिल शर्मा और सत्या विश्वकर्मा भी मौजूद रहे.



