
सरायकेला: पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ के तहत खरसावां थाना पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है. बुधवार को सीईआईआर केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर पोर्टल की सहायता से खरसावां थाना क्षेत्र से गुम हुए दो मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सत्यापन के बाद सुरक्षित वापस सौंप दिए गए.


मोबाइल वापस मिलने पर लाभुकों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी. उन्होंने खरसावां पुलिस और जिला पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका गुम हुआ मोबाइल दोबारा मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता और तकनीकी प्रयासों के कारण उनका मोबाइल वापस मिल गया.
खरसावां थाना पुलिस गुम हुए मोबाइलों की जानकारी सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज की गई थी. तकनीकी अनुसंधान और लगातार निगरानी के बाद दोनों मोबाइलों का पता लगाया गया और आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया गया.
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी द्वारा शुरू किए गए ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ का उद्देश्य गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीकी सहायता से खोजकर वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना है. इस पहल के माध्यम से लगातार मोबाइल बरामद किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो रहा है.
खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ के तहत गुम हुए मोबाइलों की बरामदगी का अभियान लगातार चलाया जा रहा है. आधुनिक तकनीक और सीईआईआर पोर्टल की मदद से गुम मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया जा रहा है. आम नागरिकों से अपील है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल थाना में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके.
उन्होंने कहा कि खरसावां पुलिस अपराध नियंत्रण के साथ- साथ जनता की समस्याओं के समाधान के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.
लगातार मोबाइल बरामदगी की सफलता यह साबित कर रही है कि तकनीक और पुलिस की सक्रियता के समन्वय से लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है. खरसावां पुलिस की इस कार्रवाई ने न केवल दो लोगों को उनका खोया सामान वापस दिलाया, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास के रिश्ते को भी और मजबूत किया है.
प्रमोद सिंह
संपादक






