सरायकेला/ Pramod singh जिले के सीनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोपालपुर से घर से भागे दो नाबालिग बच्चों में से एक को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि दूसरा अब भी लापता है. जानकारी के अनुसार 13 वर्षीय राज पूर्ति और उसका दोस्त सूरज सरदार 26 मार्च को बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे. दोनों बच्चे चुपचाप घर से निकलकर पहले पुरी पहुंचे और वहां से आगे किसी ट्रेन में सवार हो गए.


बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान एक स्टेशन पर शौच के लिए राज पूर्ति ट्रेन से उतर गया. इसी बीच ट्रेन खुल गई और उसका साथी सूरज सरदार ट्रेन में ही आगे निकल गया. राज ने ट्रेन पकड़ने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोककर सुरक्षित जीआरपी के हवाले कर दिया.
जीआरपी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राज के पिता रोहित पूर्ति को सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चे को सकुशल घर ले आए.
इधर, सूरज सरदार अब भी लापता है, जिसकी तलाश में परिजन और पुलिस जुटी हुई है. इस संबंध में सीनी ओपी में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने तत्काल कार्रवाई शुरू की.
पुलिस का कहना है कि एक बच्चा सुरक्षित मिल गया है, जबकि दूसरे की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उसे भी बरामद कर लिया जाएगा. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों बच्चे घर से क्यों निकले, इसको लेकर परिजन भी कुछ ठोस जानकारी नहीं दे पा रहे हैं. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि सूरज सरदार के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें, ताकि बच्चे को सुरक्षित घर वापस लाया जा सके.

