आदित्यपुर: नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में बुधवार को हाइपरटेंशन विषय पर एक विस्तृत संगोष्ठी का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें एमबीबीएस के छात्र- छात्राओं और फैकल्टी सदस्यों ने बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया. इस संगोष्ठी का आयोजन संस्थान की वैज्ञानिक समिति द्वारा किया गया था, जिसका उद्देश्य मेडिकल छात्रों को हाइपरटेंशन जैसे गंभीर स्वास्थ्य विषय पर गहराई से जानकारी प्रदान करना था.

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने गर्भावस्था में होने वाले हाइपरटेंशन की जटिलताओं, इसके प्रभाव और समय पर पहचान की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला. साथ ही प्रारंभिक जांच की प्रक्रियाओं, सही निदान और समय पर उपचार के महत्व को भी समझाया गया. इसके अलावा जीवनशैली और खानपान का हाइपरटेंशन पर पड़ने वाले प्रभावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई.
विशेषज्ञों ने बताया कि अनियमित दिनचर्या, तनाव, असंतुलित आहार और शारीरिक गतिविधियों की कमी हाइपरटेंशन के प्रमुख कारणों में शामिल हैं. संगोष्ठी के दौरान छात्रों ने भी अपने सवाल रखे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से जवाब दिया गया. इस दौरान इंटरएक्टिव सेशन ने कार्यक्रम को और भी प्रभावी बना दिया.
यह संगोष्ठी न केवल ज्ञानवर्धक रही, बल्कि छात्रों को भविष्य में मरीजों के बेहतर उपचार और जागरूकता के लिए प्रेरित करने वाली साबित हुई. कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर संस्थान प्रबंधन ने संतोष जताया.



