जमशेदपुर: पुलिस ने उलीडीह ओपी क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड मामले 24 घंटे में खुलासा कर दिया है. जानकारी के अनुसार 30 मार्च 2026 को डिमना बस्ती रोड स्थित उमा टिफिन के पास कृष्णा सिंह उर्फ लल्ला, राखाल कुम्भकार, विकास महतो और राहुल सिंह सरदार ने मिलकर विक्रम सिंह उर्फ विक्की की हत्या के इरादे से गोलीबारी की थी. इस घटना में विक्रम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका इलाज जारी है.


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 अप्रैल 2026 को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया. आरोपियों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत हत्या की नीयत से फायरिंग की थी.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, 7.65 एमएम और 8 एमएम की जिंदा गोलियां तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का आपराधिक इतिहास भी रहा है. फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है.



