सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस अधीक्षक Nidhi Dwivedi के निर्देश पर सीनी ओपी पुलिस लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है. इसी कड़ी में सोमवार को सीनी ओपी प्रभारी Vinay Kumar Singh के नेतृत्व में सीनी स्थित वीएस प्लस टू स्कूल में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा, चाइल्ड मैरिज, साइबर अपराध, डायन बिसाही, डायल 112 और बच्चा चोर जैसी अफवाहों से जुड़े मामलों पर विस्तार से जानकारी दी गई. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों और समाज को जागरूक कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना था.

इस जागरूकता अभियान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद रहे. पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि आज के समय में जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है. सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए ट्रैफिक नियमों का पालन सभी की जिम्मेदारी है.
छात्रों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन नहीं चलाने और नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया. वहीं साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए बच्चों को ऑनलाइन फ्रॉड, फेक लिंक, ओटीपी शेयरिंग, सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग और साइबर ठगी से बचने के तरीके भी बताए गए.
कार्यक्रम में बाल विवाह को सामाजिक अभिशाप बताते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कम उम्र में शादी बच्चों के भविष्य को प्रभावित करती है और यह कानूनन अपराध भी है. ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की गई. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में फैलने वाली डायन बिसाही जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ भी बच्चों और शिक्षकों को जागरूक किया गया. पुलिस ने स्पष्ट कहा कि अंधविश्वास के नाम पर किसी महिला को प्रताड़ित करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
डायल 112 की उपयोगिता के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इस नंबर पर कॉल कर पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है. साथ ही बच्चा चोर जैसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी सूचना की पुष्टि किए बिना उसे फैलाने से बचने की सलाह दी गई. कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब दिया. शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने में काफी मददगार साबित होते हैं.
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि आज अपराध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और केवल कानून बनाना ही काफी नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करना भी बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और यदि उन्हें सही दिशा और सही जानकारी मिलेगी तो वे खुद भी सुरक्षित रहेंगे और समाज को भी सुरक्षित बनाएंगे.
Report By Pramod Singh



