जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में किशोरी की हत्या मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी सोनू कर्मकार (20) को गिरफ्तार कर लिया है.

उल्लेखनीय है कि शनिवार सुबह करीब 6:15 बजे सोपोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में एक किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी. घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतका की पहचान होने के बाद उसके पिता के लिखित आवेदन पर परसुडीह थाना में मामला दर्ज किया गया. मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की. तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी सोनू कर्मकार की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह मृतका के साथ सोपोडेरा मिडिल स्कूल पहुंचा था. इस दौरान किशोरी लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर आरोपी ने किशोरी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहना गया सफेद रंग का शर्ट भी बरामद कर लिया है, जिसे उसने छिपाकर रखा था. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.



