सरायकेला: महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक एवं शिक्षाविद् उत्कलमणि पंडित गोपबंधु दास की जयंती पर शुक्रवार को सरायकेला स्थित गोपबंधु चौक में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने वार्ड पार्षदों के साथ गोपबंधु दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए. इस दौरान उनके त्याग, सेवा, समर्पण और समाज सुधार के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया गया.


नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि उत्कलमणि पंडित गोपबंधु दास ने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया. वे केवल महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि शिक्षा, पत्रकारिता और सामाजिक चेतना के अग्रदूत भी थे. समाज के कमजोर वर्गों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण आज भी प्रेरणादायक है.
जनसेवा ही गोपबंधु दास के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि: चौधरी
मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि ओडिशा के गठन के आंदोलन, राष्ट्रवादी शिक्षा और पत्रकारिता के क्षेत्र में गोपबंधु दास का योगदान अविस्मरणीय है. उन्होंने अपने विचारों और कार्यों से समाज को नई दिशा दी. उनका जीवन यह संदेश देता है कि सच्ची महानता धन, पद या प्रतिष्ठा में नहीं, बल्कि दूसरों के दुख-दर्द को समझने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में निहित है.
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गोपबंधु दास के आदर्शों की प्रासंगिकता और बढ़ गई है. जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण की भावना से काम करना चाहिए, ताकि विकास एवं जनकल्याण का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके. उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद विक्रम मोदक, ज्योति साहू, सुषमा तियु, गौतम नायक एवं वरुण साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने गोपबंधु दास के आदर्शों को आत्मसात करने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया.
प्रमोद सिंह (संपादक)

