
जामताड़ा: जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 का मंगलवार से विधिवत शुभारंभ हो गया. अभियान के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर एक साथ बैठक आयोजित कर बीएलओ, बीएलए-2 तथा मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया, निर्धारित तिथियों और आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. जिला प्रशासन ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है.


अभियान की शुरुआत के अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने जेबीसी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या-243 का निरीक्षण किया. उन्होंने बीएलओ की तैयारियों का जायजा लिया तथा मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाने की व्यवस्था की समीक्षा की. इस दौरान बीएलओ और बीएलए-2 के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि सटीक और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है. उन्होंने बताया कि 29 जुलाई 2026 तक जिले के सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को दो प्रतियों में आंशिक रूप से भरे हुए गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे. इनमें से एक प्रति भरकर मतदाताओं को बीएलओ के पास जमा करनी होगी, ताकि प्रत्येक मतदाता का सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके.
उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि पात्र मतदाताओं के नामों का सत्यापन आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर किया जाए. साथ ही नए मतदाताओं का पंजीकरण, मतदाता सूची में त्रुटियों का संशोधन तथा अन्य आवश्यक सुधार कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित समय सीमा के भीतर संपन्न किए जाएं.
उपायुक्त ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित समय के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा करें और मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें. उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार अभियान के तहत जिला स्तर से नामित वरीय अधिकारियों एवं प्रखंडवार नोडल अधिकारियों ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े कार्यों की समीक्षा की.
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी क्युम अंसारी, अंचल अधिकारी अविश्वेशर मुर्मू, नगर पंचायत जामताड़ा के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत सहित बीएलओ, बीएलए-2 एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






