जामताड़ा: पूर्व रेलवे की महत्वाकांक्षी जसीडीह बाईपास रेल लाइन शुक्रवार से शुरू हो गई. ₹293.67 करोड़ की लागत से निर्मित इस परियोजना का उद्घाटन गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने देवघर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में किया. नई रेल लाइन के चालू होने से जसीडीह स्टेशन पर ट्रेनों के इंजन की दिशा बदलने में लगने वाले अतिरिक्त समय की बचत होगी. रेलवे के अनुसार, इससे प्रतिदिन कम से कम पांच प्रमुख यात्री ट्रेनों के यात्रा समय में कमी आने की उम्मीद है. वहीं, दो महत्वपूर्ण मालगाड़ियों के परिचालन को भी लाभ मिलेगा.


उद्घाटन समारोह में पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय, आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक संग्रह मौर्य सहित कई वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे. उद्घाटन के बाद सांसद, महाप्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में देवघर से मधुपुर तक नवनिर्मित बाईपास रेल लाइन से होकर विशेष ट्रेन चलाई गई.
अब इंजन बदलने की प्रक्रिया में नहीं लगेगा अतिरिक्त समय
अब तक दुमका और गोड्डा की ओर से आने-जाने वाली कई ट्रेनों को जसीडीह स्टेशन से गुजरना पड़ता था. इस दौरान कुछ ट्रेनों के इंजन को अलग कर दूसरी दिशा में जोड़ना पड़ता था. इसके बाद ब्रेक परीक्षण सहित अन्य परिचालन प्रक्रियाएं पूरी की जाती थीं. इससे ट्रेनों के संचालन में अतिरिक्त समय लगता था.
नई बाईपास रेल लाइन के माध्यम से संबंधित ट्रेनों को जसीडीह मुख्य स्टेशन पर लाए बिना आगे बढ़ाया जा सकेगा. इससे यात्रा समय घटने के साथ स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की उपलब्धता और रेल यातायात प्रबंधन में भी सुधार होने की उम्मीद है.
माल ढुलाई को भी मिलेगी रफ्तार
रेलवे के अनुसार, बाईपास लाइन से प्रतिदिन कम से कम पांच प्रमुख यात्री ट्रेनों के परिचालन समय में कमी आएगी. इसके अतिरिक्त दो महत्वपूर्ण मालगाड़ियां भी इस मार्ग का उपयोग कर सकेंगी. इससे माल परिवहन में तेजी आने और औद्योगिक आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की संभावना है.
कुमड़ाबाद रोहिणी और देवघर को सीधे जोड़ने वाली इस रेल लाइन का निर्माण चुनौतीपूर्ण भू-तकनीकी परिस्थितियों में किया गया है. परियोजना के तहत चट्टानों की कटाई, रोड ओवरब्रिज, रोड अंडरब्रिज, छोटे पुलों और आधुनिक डिजिटल सिग्नलिंग प्रणाली से संबंधित कार्य किए गए हैं.
रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम: निशिकांत दुबे
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि जसीडीह बाईपास रेल लाइन क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग थी. इसके शुरू होने से रेल परिचालन अधिक सुगम होगा और क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी. उन्होंने परियोजना पूरी करने के लिए पूर्व रेलवे की सराहना करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में रेलवे के आधुनिकीकरण के प्रयासों का उल्लेख किया.
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप रेलवे आधुनिक आधारभूत संरचनाओं के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रहा है. रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराना है.
स्वच्छता प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थी हुए सम्मानित
उद्घाटन समारोह के अवसर पर पूर्व रेलवे की ओर से स्थानीय विद्यालयों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया. महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके भविष्य के लक्ष्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की. पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने कहा कि रेलवे आधुनिक रेल संपर्क व्यवस्था के विस्तार के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

