जमशेदपुर: नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी (एनएसयू) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में शुक्रवार को विद्यार्थियों द्वारा निर्मित फिल्म ‘सफर’ का प्रदर्शन किया गया. इस अवसर पर फिल्म निर्माण से जुड़े विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में विभाग के पूर्व विद्यार्थी भी शामिल हुए. फिल्म के प्रदर्शन के बाद विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना की गई और भविष्य की परियोजनाओं को लेकर चर्चा हुई.


फिल्म ‘सफर’ में विद्यार्थियों के सामने आने वाली करियर संबंधी चुनौतियों और सही समय पर उचित निर्णय लेने के महत्व को दर्शाया गया है. फिल्म का मुख्य संदेश है कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत और स्पष्ट लक्ष्य के साथ वैकल्पिक योजना यानी प्लान बी भी जरूरी है. किसी एक क्षेत्र में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने पर निराश होने के बजाय अपनी रुचि और क्षमताओं के अनुरूप दूसरे अवसर तलाशने चाहिए.
लक्ष्य के साथ वैकल्पिक योजना भी जरूरी: कुलाधिपति
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने फिल्म निर्माण से जुड़े विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आज के युवाओं के लिए इस तरह की कहानियां बेहद प्रासंगिक हैं. जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है, लेकिन उसके साथ वैकल्पिक योजना भी होनी चाहिए. इससे किसी एक प्रयास में सफलता नहीं मिलने पर विद्यार्थी दूसरे रास्ते से आगे बढ़ सकते हैं.
कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने कहा कि जीवन का सफर लंबा होता है. विद्यार्थियों को हौसला बनाए रखते हुए लगातार प्रयास करना चाहिए. सफलता के लिए अपनी रुचि पहचानना, परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेना और नए अवसरों के लिए तैयार रहना महत्वपूर्ण है.
वरुण देव ने किया निर्देशन, विद्यार्थियों ने निभाई अहम भूमिका
फिल्म ‘सफर’ का निर्देशन वरुण देव ने किया है. तुषार सागर ने छायांकन की जिम्मेदारी संभाली, जबकि पटकथा नूपुर महतो ने लिखी है. फिल्म का संपादन सुमित कुमार ने किया है. फिल्म में सत्यम कुमार तिवारी, अनन्या लेप्पी, एकता शरण, सुमिष्टि मंडल, मणि पांडेय और कौशिक भट्टाचार्य ने अभिनय किया है.
कार्यक्रम में कुलाधिपति मदन मोहन सिंह, कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि, रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोजिब अशरफ, अकादमिक सलाहकार प्रो. दिलीप शोम, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. गरिमा सिंह, प्रशासनिक संकायाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार और अकादमिक संकायाध्यक्ष अभिनव कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के आयोजन में फिल्म निर्माण टीम के साथ विश्वविद्यालय के विधि विभाग तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों की विशेष भूमिका रही. विश्वविद्यालय ने इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करने और फिल्म निर्माण का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने का प्रयास किया.

