सरायकेला: समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त- सह- जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं अंचलों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए.



उपायुक्त ने लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की जांच करते हुए त्वरित, पारदर्शी एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
जनता दरबार में भूमि विवाद, आदित्यपुर में कचरा डंपिंग के लिए भूमि चिन्हित करने, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आदित्यपुर नगर निगम में कार्यरत एजेंसी द्वारा कथित लापरवाही, भू-अर्जन विभाग द्वारा अधिग्रहित भूमि के लंबित मुआवजा भुगतान सहित कई मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए.
इसके अलावा मौजा कुचाई अंतर्गत टोला गाड़ाकुटी, कोपलोंग एवं कसोमकुटी के लिए पृथक ग्रामसभा के गठन की अनुमति से संबंधित आवेदन भी उपायुक्त के समक्ष रखा गया.
उपायुक्त ने सभी प्राप्त आवेदनों पर संबंधित पदाधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि जन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका निष्पादन निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जनता से प्राप्त शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.





