सरायकेला: जिस घर में कुछ देर पहले तक 10 वर्षीय रुद्र सिंह मोदक उर्फ गोलू की आवाज गूंज रही थी, वहां शनिवार दोपहर अचानक मातम पसर गया. घर के बाहर खेलने के दौरान प्लास्टिक की रस्सी उसके गले में लिपट गई. परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई तो गोलू बेसुध पड़ा था. उसे तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.


घटना सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 स्थित धर्मशाला मोड़ के समीप शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है. मृतक की पहचान तापस सिंह मोदक के पुत्र रुद्र सिंह मोदक उर्फ गोलू (10) के रूप में हुई है. सूचना मिलने के बाद सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी.
दादी घर में थीं, बाहर खेलने निकला था गोलू
परिजनों के अनुसार गोलू दोपहर में घर के बाहर खेलने निकला था. उस समय उसकी दादी घर के अंदर थीं. कुछ देर तक गोलू की कोई आवाज नहीं सुनाई देने पर दादी उसे देखने बाहर निकलीं तो वह बेसुध पड़ा मिला.
परिजनों के मुताबिक उसके गले में सामान बांधने में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की रस्सी लिपटी हुई थी. परिवार के सदस्य उसे लेकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. मौत की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस जांच कर रही है.
मां का पहले हो चुका है निधन, पिता दिल्ली में
गोलू दो भाइयों में छोटा था. उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है और दादी उसकी देखभाल करती थीं. परिवार के अनुसार गोलू के पिता तापस सिंह मोदक दो दिन पहले दिल्ली गए थे. उन्हें भी बेटे की मौत की सूचना दे दी गई है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. आसपास के लोग भी परिवार को संभालने के लिए पहुंचे.
पुलिस अब यह जानने का प्रयास कर रही है कि खेल के दौरान रस्सी किन परिस्थितियों में बच्चे के गले में फंसी. घटना बच्चों के खेलने की जगह पर रस्सी, तार जैसी उलझने वाली वस्तुओं को उनकी पहुंच से दूर रखने और निगरानी को लेकर भी सावधानी की जरूरत की ओर ध्यान दिलाती है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

