खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी स्थित वार्षिणी प्लस टू उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की ओर से विद्यालय परिसर में करीब 1 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से आठ अतिरिक्त वर्ग कक्षों का निर्माण कराया जाएगा. मंगलवार को खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया.


इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है. बेहतर शिक्षा ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है. इसलिए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है.

उन्होंने कहा कि विद्यालय में आठ अतिरिक्त कमरों का निर्माण होने से विद्यार्थियों को पठन-पाठन के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा. इससे कक्षाओं के संचालन में होने वाली परेशानियां दूर होंगी और शैक्षणिक गतिविधियों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में सुविधा होगी. उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और विद्यालय में अनुशासित एवं सकारात्मक माहौल बनाए रखने की अपील की.
विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. क्षेत्र के विद्यालयों में विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने विद्यालय की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी पहल करने का भरोसा दिलाया.
इससे पूर्व विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने विधायक का स्वागत किया. शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि अर्जुन गोप, उद्योग विभाग के प्रतिनिधि मांगीलाल महतो, सरायकेला प्रखंड के उप प्रमुख बासुदेव महतो, झामुमो केंद्रीय सदस्य सुधीर महतो, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष जन्नत हुसैन, जिला उपाध्यक्ष संजय प्रधान, प्रखंड अध्यक्ष भगत महतो, डॉक्टर महतो, नरेंद्र महतो, लालचंद महतो, कुंदन मुखी और उखाड़ मांझी समेत झामुमो कार्यकर्ता, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे.

