
सरायकेला: स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से सरायकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स 1 जुलाई से 15 जुलाई तक 15 दिवसीय योग, औषधि दर्शन एवं नशा मुक्ति अभियान आयोजित करेगा. यह शिविर प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से 7:00 बजे तक मारवाड़ी धर्मशाला, सरायकेला में आयोजित होगा.


शिविर का संचालन प्रसिद्ध योग शिक्षक एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ वैद्य किशोर मिश्रा करेंगे. प्रतिभागियों को योगाभ्यास, प्राणायाम, औषधीय पौधों की उपयोगिता, प्राकृतिक चिकित्सा तथा नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी जाएगी.
अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया. नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष एवं चैंबर के महासचिव मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि तनावपूर्ण जीवनशैली और बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है. योग और आयुर्वेद के माध्यम से लोगों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है.
चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकते हैं. वहीं वैद्य किशोर मिश्रा ने बताया कि नियमित योग, संतुलित आहार और प्राकृतिक चिकित्सा से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है. उन्होंने सभी नागरिकों से इस निःशुल्क शिविर में शामिल होने की अपील की.
प्रमोद सिंह
संपादक






