
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित हलुदबानी पारा टोला के अभिनाश तालाब में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. सूचना पर पहुंची परसुडीह थाना पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी.


स्थानीय लोगों के अनुसार, हलुदबानी के छुटकी टोला की कुछ महिलाएं रोज की तरह सुबह तालाब में स्नान करने पहुंची थीं. इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी. महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा था और उससे दुर्गंध भी आने लगी थी. हालांकि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है.
पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. परसुडीह थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है.
Edited By Sarita






