
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धतकीडीह तालाब में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. सूचना पर पहुंची बिष्टुपुर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया और अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की.


पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की. समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है.
प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है.
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि उसकी पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके.
Edited By Sarita






