सरायकेला: जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है. समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित नारको समन्वय केंद्र समिति की बैठक में अवैध अफीम खेती, ड्रग्स कारोबार, अवैध शराब और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया.

बैठक में स्पष्ट कहा गया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रशासन ने अफीम प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने, संयुक्त छापेमारी करने और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि नशे से जुड़े किसानों और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना भी प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने अफीम प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को वैकल्पिक खेती के लिए बीज, कृषि उपकरण और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. साथ ही किसानों को बिरसा हरित ग्राम योजना, मनरेगा, पशुपालन और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया.
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने आदित्यपुर, गम्हरिया और कपाली समेत संवेदनशील इलाकों में नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए. उन्होंने थाना प्रभारियों को सूचना तंत्र मजबूत करने, नियमित औचक निरीक्षण करने और अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने को कहा.
बैठक में युवाओं को नशे से बचाने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा स्थानीय भाषाओं में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया.
प्रशासन ने ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, शिक्षकों और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी नशामुक्ति अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया है. युवाओं को खेलकूद, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखने पर विशेष जोर दिया गया.
उपायुक्त ने कहा कि नशा सिर्फ व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है. इसलिए प्रशासन और पुलिस मिलकर जिले में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाएंगे और नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और जिला कृषि पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



