सरायकेला: नगर पंचायत द्वारा आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ घर- घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से बड़ी पहल की गई है. नगर पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में जन वितरण प्रणाली (PDS) के पारदर्शी संचालन और वार्ड स्तर पर विशेष शिविर लगाने का निर्णय लिया गया. बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने की.

बैठक में उपाध्यक्ष अविनाश कवि, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, राशन दुकानदार और महिला समूहों के प्रतिनिधि शामिल हुए.
बैठक में पीडीएस दुकानदारों को “एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड” योजना से लाभुकों को जोड़ने, पोस मशीन संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान करने तथा वृद्ध एवं फिंगरप्रिंट नहीं आने वाले लाभुकों को OTP या अपवाद रजिस्टर के माध्यम से राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. लाभुकों के साथ मधुर व्यवहार रखने पर भी विशेष जोर दिया गया. इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के नए आवेदनों के लिए सभी वार्डों में विशेष शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया. शिविरों में होल्डिंग टैक्स, वॉटर टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, नया जल कनेक्शन, नया होल्डिंग आवेदन और राशन कार्ड ई-केवाईसी का कार्य भी किया जाएगा.
वार्डवार शिविर की तिथि और स्थल
25 मई 2026- वार्ड 07 एवं 10- अटल क्लिनिक.
26 मई 2026- वार्ड 09 एवं 11- टाउन हॉल, सरायकेला.
28 मई 2026- वार्ड 02, 05 एवं 06- विवाह भवन, इंद्रटांडी.
29 मई 2026- वार्ड 01 एवं 08- उत्क्रमित मध्य विद्यालय, हांसाउडी.
30 मई 2026- वार्ड 03- गांधी पाठशाला, राजबांध.
01 जून 2026- वार्ड 04- सामुदायिक भवन, सरगीडीह.
सभी शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किए जाएंगे. नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत लगातार आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है. बैठक में वरुण साहू, ज्योति साहू, गौतम नायक, उत्तम महंती, सुषमा तियू, शांति गोड़सेरा, अंजली राय समेत सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे.



