जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना परिसर में शनिवार को आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने की. बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रज़ा मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

बैठक में नगर प्रभाग इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी, उपाध्यक्ष महावीर राय और नगर प्रबंधक विजय कुमार समेत बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य शामिल हुए. बैठक के दौरान सोशल मीडिया पर भड़काऊ और शांति-सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट पर रोक लगाने की मांग उठाई गई. इसके अलावा मस्जिद रोड की नाली सफाई, बिजली व्यवस्था में सुधार और पर्व के दिन निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई.
बैठक में चिरेका प्रशासन द्वारा मिहिजाम के लोगों के चित्तरंजन प्रवेश में कथित रोक का मुद्दा भी उठाया गया. वहीं बिजली विभाग के प्रतिनिधि की अनुपस्थिति को लेकर सदस्यों में नाराजगी देखी गई.
इंदिरा चौक से रेलवे फाटक तक लगने वाले जाम की समस्या पर भी विस्तृत चर्चा हुई. नगर प्रभाग इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे. एसडीपीओ वसीम रजा ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की. थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की.
उन्होंने कहा कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों का निर्धारित स्थान पर ही निस्तारण किया जाए ताकि स्वच्छता और कानून-व्यवस्था बनी रहे. बैठक में बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



