
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड में रविवार को विकास कार्यों को नई गति मिली. ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सिरका टोला काठालडीह हरिमंदिर से ससांगडीह तक बनने वाली सड़क का विधिवत शिलान्यास किया. उन्होंने नारियल फोड़कर और शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की शुरुआत की.


इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने बताया कि 1.85 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 164.92 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है. सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा और आसपास के गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

विधायक ने निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ सड़क निर्माण पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इसके बाद विधायक सविता महतो ने नीमडीह प्रखंड के लुपुंगडीह टोला डूमरडीह में विधायक योजना से 12 लाख रुपये की लागत से कराए गए सरकारी तालाब जीर्णोद्धार कार्य का भी उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि तालाब के पुनर्जीवित होने से किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी, भू-जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य असित सिंह पातर, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, टिंकू राम महतो, विश्वनाथ गोप, रमापति महतो, सुरजीत महतो, मंगल मांझी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे.
Edited By Sarita


