रामगढ़: जिले के पतरातु पुलिस निरीक्षक कार्यालय का बुधवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने वार्षिक निरीक्षण किया. उनके आगमन पर पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया.



निरीक्षण के दौरान एसपी ने कार्यालय में संधारित अभिलेखों, प्रशासनिक कार्यों एवं सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की. उन्होंने विभिन्न शाखाओं के कार्यों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर दिया.

निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने पतरातु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघवेंद्र शर्मा के साथ कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया. इस दौरान आधा दर्जन फलदार पौधे लगाए गए. उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की.
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पतरातु एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, पुलिस निरीक्षक सतेंद्र सिंह, थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, ओपी प्रभारी उपेंद्र शर्मा, प्रभारी अख्तर अली सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की.

बैठक में लंबित आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने फरार अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, लंबित वारंटों के निष्पादन, अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जाए और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समन्वित रूप से कार्य किया जाए.





