सरायकेला: जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है. बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त- सह- जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सांस्कृतिक पर्यटन को प्रोत्साहन तथा खेल अधोसंरचना के बेहतर उपयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.



बैठक में सीतारामपुर डैम, सतनाला डैम, डोबो, राजनगर स्थित श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु मंदिर, भीमखंदा एवं सरायकेला के श्मशान काली मंदिर सहित जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई. बोटिंग, संपर्क मार्ग, घाट एवं सीढ़ियों का निर्माण, रेलिंग, वॉल पेंटिंग, साइनेज, बैठने की व्यवस्था और पार्किंग जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास पर जोर दिया गया. उपायुक्त ने संबंधित विभागों को स्वीकृत योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
बैठक में पर्यटन विभाग की श्रेणी-‘बी’ के अंतर्गत आयोजित होने वाले खरसावां छऊ महोत्सव और जायदा पर्यटन मेला को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया. जिला स्तरीय समिति इन आयोजनों का स्थल निरीक्षण कर निर्धारित मानकों के अनुरूप मूल्यांकन रिपोर्ट विभाग को उपलब्ध कराएगी.
इसके अलावा आकर्षणी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विद्युत व्यवस्था से जुड़े स्वीकृत कार्यों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय पर पूरे किए जाएं.
बैठक में बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में निर्मित टेनिस, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट के बेहतर उपयोग पर भी चर्चा हुई. उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को समन्वय स्थापित कर विद्यालयों के विद्यार्थियों की नियमित भागीदारी सुनिश्चित करने तथा खेल प्रशिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने का निर्देश दिया.
समीक्षा के दौरान जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि जिले में चार नए डे-बोर्डिंग खेल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव विभाग को भेजा जा चुका है. इसपर उपायुक्त ने प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार अनुश्रवण करने का निर्देश दिया.
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार सहित पर्यटन संवर्धन कार्यकारिणी समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.





