
कांड्रा: सरायकेला- खरसावां पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार को कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में विशेष सड़क सुरक्षा एवं कानून- व्यवस्था अभियान चलाया गया. अभियान के तहत कांड्रा बाजार में आम नागरिकों, दुकानदारों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया.


अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों से सड़कों पर अवैध रूप से वाहन पार्क नहीं करने, दुकानों के बाहर अतिक्रमण से बचने तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ और अड्डेबाजी नहीं करने की अपील की. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है.
इस दौरान कई लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी गई. पुलिस ने ग्रामीणों से यह भी अपील की कि क्षेत्र में कहीं भी किसी प्रकार की अवैध गतिविधि दिखाई देने पर इसकी सूचना तुरंत थाना को दें.
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले लोगों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. साथ ही कहा कि क्षेत्र में कानून- व्यवस्था बनाए रखने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





