राजनगर: बच्चों के जन्मदिन को यादगार बनाने के साथ जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने की पहल राजनगर प्रखंड के कालाझरना गांव में देखने को मिली. भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शंकर सामाड के जुड़वां पुत्र प्रवीण सामाड और नवीन सामाड के 10वें तथा पुत्र ध्रुव सामाड के चौथे जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को करीब 300 महिलाओं के बीच साड़ियों का वितरण किया गया.


इस अवसर पर शंकर सामाड ने कहा कि उनके जुड़वां पुत्रों के जन्मदिन पर पिछले दस वर्षों से जरूरतमंदों की सेवा करने की परंपरा चली आ रही है. उनका उद्देश्य जन्मदिन पर होने वाले खर्च को समाजहित के कार्यों से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि बच्चों का जन्मदिन केवल केक काटने और उत्सव मनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए. यदि इस अवसर पर किसी जरूरतमंद परिवार के चेहरे पर खुशी लाई जा सके तो इससे बड़ी खुशी और कुछ नहीं हो सकती.
उन्होंने कहा कि सेवा कार्य के माध्यम से बच्चों में सामाजिक संवेदना और मानवता की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है. बच्चे बचपन से ही यह समझें कि समाज में कई ऐसे लोग हैं, जिन्हें छोटी-सी मदद भी बड़ी खुशी दे सकती है. ऐसे संस्कार उन्हें भविष्य में समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने में मदद करेंगे.
शंकर सामाड ने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय उसका कुछ हिस्सा गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सहायता में लगाया जाए तो उत्सव का महत्व और बढ़ जाता है. उन्होंने भविष्य में भी बच्चों के जन्मदिन पर इसी तरह के सेवा कार्य जारी रखने की बात कही.
साड़ी प्राप्त करने वाली महिलाओं ने बच्चों को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान, कोषाध्यक्ष बलदेव मंडल, मंडल अध्यक्ष सुखदेव गौड़, कृष्ण प्रधान, सहिया शकुन जामुदा समेत अन्य लोग उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

