
बोकारो: भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी.) की टीम ने गुरुवार को बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड कार्यालय के प्रधान सहायक मो. गुलाम रसूल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया.


जानकारी के अनुसार, एक सरकारी कार्य कराने के एवज में प्रधान सहायक द्वारा शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की जा रही थी. शिकायतकर्ता ने घूस देने के बजाय धनबाद स्थित एसीबी कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत का सत्यापन कराने के बाद आरोप सही पाए जाने पर एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष जाल बिछाया.
गुरुवार को शिकायतकर्ता ने प्रखंड कार्यालय में मो. गुलाम रसूल को केमिकल लगे 8 हजार रुपये दिए. जैसे ही आरोपी ने रुपये स्वीकार किए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया. इसके बाद हाथ धुलवाने पर केमिकल का रंग बदल गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई.
आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ धनबाद ले गई.
अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल एसीबी को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





