सरायकेला: खरसावां थाना अंतर्गत आमदा ओपी क्षेत्र में कुचाई नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. नदी में शव बहता देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना आमदा ओपी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया.


पुलिस ने मौके पर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने बताया कि कुचाई नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है. मृतक की पहचान कराने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरायकेला सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेजकर मृतक की पहचान कराने में जुटी है.
इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक नदी में कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. फिलहाल कुचाई नदी से अज्ञात शव मिलने की घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. पुलिस की जांच और मृतक की पहचान होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)

