हजारीबाग: अमन साहू गैंग के नाम पर NTPC अधिकारी से रंगदारी मांगने के मामले में 30 महीने से अधिक समय से फरार चल रहे आरोपी दिवाकर तिवारी को बड़कागांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.


बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि 3 जनवरी 2024 को अमन साहू गैंग के नाम पर NTPC अधिकारी दिनेश कुमार मंडा, पिता रामप्रताप मंडा, से रंगदारी की मांग किए जाने की शिकायत मिली थी. मामले में अधिकारी के लिखित आवेदन के आधार पर बड़कागांव थाना में कांड संख्या 11/24, दिनांक 11 जनवरी 2024 को धारा 385/387 IPC के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही मामले में आरोपी दिवाकर तिवारी फरार चल रहा था. पुलिस ने गुप्त सूचना और लगातार की जा रही कार्रवाई के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिवाकर तिवारी, पिता स्व. राजकुमार तिवारी, निवासी रामनगर, थाना कटकमदाग, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है. पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी से संबंधित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा.

